नर्मदा जयंती पूर्व बड़वाह में भव्य भजन संध्या, नर्मदा तट हुआ भक्तिमय
खरगोन (मध्य प्रदेश)।
खरगोन जिले के बड़वाह नगर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नर्मदा जयंती का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। नर्मदा जयंती से पूर्व बसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को बड़वाह स्थित नावघाट खेड़ी नर्मदा तट पर भव्य भजन संध्या एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार नर्मदा जयंती से दो दिन पूर्व बसंत पंचमी पर्व माँ मेकल सेवा संस्था द्वारा धूमधाम से मनाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी शाम को भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके पश्चात नर्मदा तट पर महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें संगीतमय आरती के स्वर गूंज उठे। आरती के दौरान हजारों की संख्या में मौजूद महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर “माँ नर्मदे हर” के जयकारे लगाए।आरती के उपरांत संस्था के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं के बीच बसंतोत्सव मनाया गया। इस दौरान केसरिया रंग, गुलाल एवं पुष्प वर्षा कर वातावरण को और भी उल्लासमय बना दिया गया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज़ अख्तर ने नर्मदाष्टक से भजन संध्या की शुरुआत की। इसके बाद देर रात्रि तक चली भजन संध्या में विभिन्न भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक मधुर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।कार्यक्रम के अंत में नर्मदा तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने दीपदान किया, जिससे पूरा तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। वहीं दूसरी ओर बड़वाह स्थित सुंदर धाम आश्रम में भी नर्मदा जयंती के उपलक्ष्य में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जहां प्रसिद्ध भजन गायक नरेश सैनी ने अपने सुमधुर भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात्रि तक चले इस आयोजन में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते रहे।नर्मदा जयंती के इस धार्मिक आयोजन से पूरे बड़वाह क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (21 फ़रवरी 2026)
श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने श्रमिक भाई -बहन बनें जागरूक- राजस्व मंत्री वर्मा
डिजिटल सुविधा केंद्र में 86 वर्षीय भक्तिन राय को अंगूठे के निशान पर मिल रही सुविधाएं