बृजमंडल में 40 दिवसीय होलिकोत्सव का आज से शुभारंभ, बांके बिहारी मंदिर में उड़ेगा रंग-गुलाल
मथुरा।
मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर और वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी जी मंदिर सहित संपूर्ण बृजमंडल के प्रमुख मंदिरों में आज 23 जनवरी से विश्वविख्यात 40 दिवसीय होलिकोत्सव का शुभारंभ हो रहा है। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी महाराज के मंदिर में रंग-गुलाल उड़ाकर फागोत्सव की विधिवत शुरुआत की जाएगी।इतिहासकार एवं विद्वान आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी महाराज ने बताया कि परंपरा के अनुसार बसंत पंचमी के दिन ही बांके बिहारी जी के दरबार से होलिकोत्सव का शुभारंभ होता है। इस अवसर पर ठाकुर बांके बिहारी महाराज का विशेष बसंती पोशाक एवं अलंकारों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। भगवान के कोमल कपोलों पर गुलाल एवं कुमकुम लगाया जाएगा तथा सरसों के पुष्पों से निर्मित सुगंधित मालाएं अर्पित की जाएंगी।बसंत पंचमी के दिन ठाकुर जी को केसरिया छैना की खीर, अधूटा, मोहनभोग, बादाम, मूंग दाल एवं सूजी के हलुए का विशेष भोग लगाया जाएगा। इसी दिन से मंदिर में गोस्वामी समाज द्वारा होली पदों का गायन भी प्रारंभ हो जाएगा, जो पूरे फागोत्सव काल तक निरंतर चलता रहेगा।आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि इस वर्ष 3 मार्च को पूर्णिमा के दिन चंद्रग्रहण पड़ रहा है। इसी कारण ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में रंगीली होली का समापन एवं होलिका दहन 2 मार्च को चतुर्दशी तिथि की रात्रि में ही किया जाएगा। परंपरा के अनुसार होलिका दहन के अगले दिन धुलैड़ी पर्व मनाया जाएगा तथा मंदिर में डोलोत्सव का आयोजन होगा।डोलोत्सव के दिन ठाकुर बांके बिहारी महाराज गुलाबी पोशाक एवं बहुमूल्य रत्नजड़ित स्वर्ण आभूषण धारण कर महाराजा स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे। चंद्रग्रहण के कारण 3 मार्च को दर्शन व्यवस्था सीमित रहेगी। दर्शन सुबह 9:05 बजे सूतक काल प्रारंभ होने से पूर्व तथा शाम को ग्रहण समाप्त होने के बाद ही उपलब्ध होंगे।इसके उपरांत 5 मार्च से बांके बिहारी मंदिर में ग्रीष्मकालीन दर्शन समय-सारिणी लागू हो जाएगी, जिससे दर्शन, भोग-राग एवं शयन सेवा के समय में परिवर्तन किया जाएगा।

Trains Cancelled : यात्रीगण कृपया ध्यान दें… मई में 10 ट्रेनें रद्द, कई के बदले मार्ग
दर्दनाक सड़क हादसा, दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत
सालाना 1 करोड़ की यात्री संख्या से अपग्रेड होगा इंदौर एयरपोर्ट, 200 नई सीटें लगेंगी