मथुरा,: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार ने गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है। इस योजना के तहत प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में कुल 2,09,421 लाभार्थियों के बैंक खातों में लगभग 2000 करोड़ रुपये सीधे अनुदान राशि के रूप में भेजे गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से सिंगल क्लिक के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में पहली किश्त का भुगतान किया।इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मथुरा में पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गौ अनुसंधान संस्थान परिसर स्थित किसान भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद थे।मथुरा जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के बीएलसी घटक के अंतर्गत कुल 5019 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 4366 लाभार्थियों को पहली किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। शेष 653 लाभार्थियों में से 300 को पहले ही भुगतान किया जा चुका है, 66 लाभार्थी अपात्र पाए गए हैं, जबकि 287 लाभार्थियों का सत्यापन अभी प्रक्रिया में है।जैसे ही मुख्यमंत्री द्वारा धनराशि का अंतरण किया गया, सभागार में मौजूद लाभार्थियों के मोबाइल पर खाते में पैसे आने का संदेश आया। लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यह पल गरीब परिवारों के लिए सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक बन गया।कार्यक्रम के दौरान महापौर विनोद अग्रवाल, बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और नगर आयुक्त जग प्रवेश ने लाभार्थियों को पहली किश्त के प्रमाण पत्र वितरित किए। प्रवेश, रवि कुमार, पोहप सिंह, राधा, धर्मेंद्र, रूबी, मीरा, उर्मिला, रानी, इंद्रावती, लिपि मजूमदार, ज्ञान प्रकाश, करण कुमार, सौरभ पांडे और रामकुमार सहित कई लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।इस अवसर पर जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के नगर प्रबंधक मनीष कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना गरीबों को स्थायी आवास देकर उनके जीवन को सुरक्षित और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।