मथुरा जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने शुक्रवार को थाना गोवर्धन क्षेत्र के पैंठा स्थित हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है। निरीक्षण के दौरान एएसपी ग्रामीण ने हेलीपैड परिसर में सुरक्षा घेरा, पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी आगमन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। और सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी तरह सुनिश्चित की जाएं। इसके बाद उन्होंने थाना गोवर्धन में तैनात निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार दबिश देकर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और लंबित विवेचनाओं को सात दिनों के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाए।एएसपी ग्रामीण ने कस्बा गोवर्धन में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त भी की। इस दौरान उन्होंने बाजार और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।इस मौके पर क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, थाना प्रभारी गोवर्धन भागवत गुर्जर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वीवीआईपी कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।