खरगोन। जिले के उत्कृष्ट विद्यालय सहित मॉडल स्कूल धुलकोट एवं झिरन्या में प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत रविवार को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। यह परीक्षा जिले के 7 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।इस प्रवेश परीक्षा में कुल 400 सीटों के लिए 2118 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 1925 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 193 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र पाटीदार ने बताया कि उत्कृष्ट विद्यालय में 240 सीटें, जबकि मॉडल स्कूल झिरन्या में 80 एवं मॉडल स्कूल धुलकोट में 80 सीटें निर्धारित हैं। जिले में परीक्षा के लिए उत्कृष्ट विद्यालय, कन्या हाईस्कूल, देवी अहिल्या उमावि क्रमांक-2 खरगोन, मोतीपुरा, झिरन्या, भगवानपुरा और भीकनगांव को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। शिक्षा विभाग द्वारा आगे की प्रवेश प्रक्रिया नियमानुसार पूर्ण की जाएगी।