खरगोन जिले में शराब कारोबार को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाइसेंसी दुकानों से ही अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। तय सरकारी दरों को दरकिनार कर दुकानदार मनमाने दाम वसूल रहे हैं और शराब बेचते समय किसी प्रकार का बिल भी नहीं दिया जाता।मंगलवार को ग्राम सेलानी के ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में राधेश्याम यादव, प्रेमलाल यादव, चिमन सेठ, सीताराम पटेल, हरिश जायसवाल सहित कई लोग शामिल रहे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कसरावद जनपद की लाइसेंसधारी दुकान के संचालक सरकारी नियमों को नजरअंदाज करते हुए शराब को निर्धारित कीमत से अधिक पर बेच रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार अपने लोगों के माध्यम से गांवों, ढाबों और किराना दुकानों पर भी अवैध रूप से शराब की सप्लाई करवा रहा है। रात के समय बाइक व चारपहिया वाहनों से बड़े पैमाने पर शराब खपाई जाती है, जिससे गांवों में अवैध शराब की उपलब्धता आसानी से बढ़ रही है।ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच करवाई जाए, संबंधित दुकान का स्टॉक चेक किया जाए और आगे से शराब केवल बिल के साथ ही निर्धारित दरों पर बेची जाए।इस दौरान मौजूद ओम प्रकाश जायसवाल ने भी मीडिया से बातचीत में आरोपों की पुष्टि करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।