खाचरौद (उज्जैन)।
खाचरौद थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 क्वार्टर देशी प्लेन शराब जब्त की है। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 54 बल्क लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹27,000 है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 जनवरी 2026 को थाना खाचरौद पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि रतलाम रोड, खाचरौद निवासी शरीफ पिता सुभान खाँ अवैध शराब की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम कुम्हारवाड़ी–पचलासी रोड पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू की।इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी घबरा गया और तेज़ी से मोटरसाइकिल लेकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर आरोपी शराब से भरा पीठ बैग और एक प्लास्टिक बोरा रास्ते में गिराकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।पुलिस ने मौके से 300 क्वार्टर देशी प्लेन शराब बरामद कर जब्त की। जप्ती के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना खाचरौद में अपराध क्रमांक 37/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और मामले की विवेचना की जा रही है।इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक धनसिंह नलवाया, उप निरीक्षक ईश्वर जोशी, प्रधान आरक्षक सोमसिंह भदौरिया सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।