बागली। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सांदीपनि विद्यालय बागली का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक लेकर विद्यालय की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में स्कूल में उपलब्ध एवं प्रस्तावित सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई, जिसमें फर्नीचर, कंप्यूटर, रिक्त पदों की पूर्ति, शिक्षकों की व्यवस्था, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे, आरओ युक्त पेयजल, बिजली व्यवस्था, पुस्तकालय और प्रयोगशाला जैसी आवश्यक सुविधाएं शामिल रहीं।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि डाइनिंग हॉल में बच्चों को मिड-डे-मील टेबल-कुर्सी पर बैठाकर ही परोसा जाए, कोई भी बच्चा जमीन पर बैठकर भोजन न करे। उन्होंने कहा कि मिड-डे-मील पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण हो और भोजन स्कूल परिसर में ही तैयार किया जाए। बाहर से भोजन लाने की अनुमति नहीं होगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने निर्देश दिए कि आगामी सोमवार से सांदीपनि विद्यालय बागली के नवीन भवन में कक्षाएं लगाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तहसीलदार को निर्देशित किया कि वे लगातार मॉनिटरिंग करते रहें और यह सुनिश्चित करें कि रविवार तक स्कूल का शिफ्टिंग कार्य पूरा हो जाए। सोमवार से बच्चों की पढ़ाई नवीन भवन में ही प्रारंभ की जाए।इसके साथ ही कलेक्टर ने यह भी कहा कि बच्चों के अभिभावकों को विद्यालय आमंत्रित किया जाए, ताकि वे स्वयं आकर देख सकें कि उनके बच्चे किस प्रकार की उत्तम और आधुनिक सुविधाओं वाले भवन में अध्ययन कर रहे हैं।कलेक्टर सिंह ने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधियों का भी आयोजन किया जाए, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने स्कूल भवन को हटाकर उस स्थान पर बच्चों के खेलने के लिए खेल मैदान विकसित किया जाए।निरीक्षण और बैठक के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल यादव, विद्यालय के प्राचार्य प्रकाश डाबी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।