मथुरा। जनपद के छाता तहसील क्षेत्र में कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियों का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में भू-माफिया और कॉलोनाइजर नियमों को ताक पर रखकर बिना ले-आउट प्लान और लैंड यूज परिवर्तन (CLU) के धड़ल्ले से निर्माण कार्य कर रहे हैं। उपजाऊ भूमि पर कंक्रीट बिछाकर अवैध कॉलोनियां बसाई जा रही हैं, वहीं सरकारी नालियों और चकरोड़ों पर भी कब्जा किया जा रहा है।इस मामले को लेकर जाव गांव निवासी कृष्ण पहलवान सहित ग्रामीणों ने तहसील और जिला प्रशासन को शिकायत दी। शिकायत के बाद हरकत में आए प्रशासन ने नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की।सोमवार को तहसील टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई करते हुए बुलडोजर की मदद से सरकारी चकरोड़ को कब्जा मुक्त कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।कृष्ण पहलवान ने बताया कि बाहरी क्षेत्रों से आए कॉलोनाइजर अवैध तरीके से जमीन काटकर बेच रहे हैं और सरकारी संपत्तियों पर भी कब्जा कर रहे हैं, जो एक गंभीर मामला है। वहीं नायब तहसीलदार शिव शंकर ने बताया कि अवैध कॉलोनी और सरकारी रास्ते पर कब्जे की शिकायत मिली थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए चकरोड़ को मुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।