मथुरा–वृंदावन के तीन दिवसीय दौरे पर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रशासन अलर्ट
मथुरा।
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द ही तीन दिवसीय ब्रज दौरे पर मथुरा–वृंदावन पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं, वहीं अधिकारी लगातार दौरा स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं।राष्ट्रपति अपने ब्रज प्रवास के दौरान क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करेंगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर में भगवान के दर्शन करेंगी। इसके साथ ही गोवर्धन के प्रसिद्ध दानघाटी मंदिर में पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम भी तय किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति गोवर्धन परिक्रमा में भी शामिल हो सकती हैं।अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति सामाजिक और धार्मिक संस्थानों का भी भ्रमण करेंगी। वृंदावन में स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में बने नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन भी राष्ट्रपति द्वारा किया जाएगा। इससे क्षेत्र में कैंसर रोगियों को बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।इसके अलावा राष्ट्रपति संत प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम में पहुंचकर उनका आशीर्वाद लेंगी और प्रसिद्ध संत नीम करोली बाबा की समाधि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रपति वृंदावन स्थित वात्सल्य ग्राम का भी दौरा करेंगी, जहां सामाजिक सेवा और बाल कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी लेंगी।राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना