खरगोन।
मतदाता सूची पुनरीक्षण के दूसरे चरण में मतदाताओं के नाम काटने और जोड़ने की प्रक्रिया विवादों में घिरती नजर आ रही है। कांग्रेस ने गुरुवार को जिलेभर में लगभग 3500 नामों के काटे जाने के विरोध में कलेक्टर कार्यालय के सामने हाइवे पर चक्काजाम प्रदर्शन किया।प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रवि जोशी, जिलाध्यक्ष रवि नाइक सहित कई पार्टी नेता मौजूद रहे। उन्होंने धरने के दौरान भाजपा और निर्वाचन आयोग की सांठगांठ का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दबाव में मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। नेताओं का कहना है कि जिन लोगों के नाम काटे जा रहे हैं, वे कांग्रेस के मतदाता हैं और ऐसा कर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।कांग्रेस नेताओं ने जोर देकर कहा कि पार्टी आमजन के मतदान के मौलिक अधिकार से किसी भी हाल में समझौता नहीं होने देगी। जिलाध्यक्ष रवि नाइक ने कहा कि फार्म सात में गलत जानकारी देने पर निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार शिकायतकर्ता पर FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने उन सभी मतदाताओं के दस्तावेज़ जैसे वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, बिजली के बिल की फोटोकॉपी प्रशासन को मांगपत्र के साथ सौंप दी है।इस संबंध में एसडीएम वीरेंद्र कटारे ने बताया कि दावे और आपत्तियों की जांच कर सत्यापन किया जाएगा। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।