बीनागंज में विशाल नेत्र–दंत जाँच शिविर सम्पन्न
चाचौड़ा–बीनागंज। स्वर्गीय रामगोपाल जी साहू (गावरी वाले) की प्रथम पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति में 9 दिसंबर 2025 को बीनागंज स्थित श्री रणछोड़दास जी आश्रम में विशाल नेत्र और दंत जाँच शिविर का आयोजन किया गया। यह सेवा शिविर उनके सुपुत्र गणेशाराम साहू (बंटी) और पवन साहू द्वारा आयोजित किया गया, जिसका संचालन सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, आनंदपुर की विशेषज्ञ टीम ने किया।
शिविर की शुरुआत हनुमान जी की पूजा–अर्चना और गुरुदेव के पूजन के साथ हुई। स्वर्गीय रामगोपाल जी साहू की स्मृति में उनकी धर्मपत्नी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इसके बाद शिविर का शुभारंभ हुआ और बड़ी संख्या में नागरिक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुँचे। दिनभर चले इस शिविर में कुल 560 लोगों ने पंजीयन कराया और जांच कराई। अनेक मरीजों को मौके पर दवाइयाँ और उपचार उपलब्ध कराया गया। जिन नागरिकों को दृष्टि संबंधी समस्याएँ थीं, उन्हें निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए। जाँच के दौरान 150 मरीज ऐसे मिले जिन्हें ऑपरेशन की जरूरत थी। उन्हें ट्रस्ट की एम्बुलेंस के माध्यम से आनंदपुर हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनकी फेको सर्जरी और लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों को दवाइयाँ, कंबल, काला चश्मा और दृष्टि सुधारक चश्मे निःशुल्क दिए जाएंगे। शिविर में आए सभी नागरिकों के लिए नाश्ता, भोजन और पानी की उत्तम व्यवस्था की गई, जिससे लोगों में अत्यंत संतोष और खुशी दिखाई दी।
शिविर में चिकित्सा कार्य डॉ. अनिल पटेल, डॉ. हिमांशु शर्मा, डॉ. सोनू शर्मा समेत विशेषज्ञों की टीम ने किया। दंत जांच में लोगों के दाँत और मसूड़ों की समस्याओं का परीक्षण किया गया और मरीजों को ओरल हेल्थ गाइड के साथ आवश्यक सामग्री भी दी गई। शिविर को सफल बनाने में विजय सिंह रघुवंशी, मुकेश नामदेव, महेश गोयल, मनोज जैन, साहू युवा संगठन और कई समाजसेवियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।सेवाकार्य में शामिल पत्रकारों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सद्गुरु ट्रस्ट के चिकित्सकों और सामाजिक प्रतिनिधियों—जिनमें डॉ. राजेश पुष्पक (BMO), हेमंत गॉड (BCM), तथा भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह राजपूत (निक्की भैया) और पार्षद अट्टू खंडेलवाल—का साफा, माला और श्रीफल से सम्मान किया गया।आयोजक परिवार ने कहा कि स्वर्गीय रामगोपाल जी साहू की पुण्य स्मृति में सेवा कार्य करना उनका सौभाग्य है और भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (06 मार्च 2026)
कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने राज्यपाल से की सौजन्य भेंट
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मातृ स्वास्थ्य को मिला संबल
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन 06 मार्च को करेंगे 3.08 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन
नगरपालिका परिषद का शताब्दी वर्ष शुजालपुर के हर नागरिक के सम्मान का उत्सव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव