आगर मालवा। राजनीति जब सेवा और संवेदना से जुड़ती है तो वह इतिहास रचती है। आगर विधानसभा क्षेत्र में ऐसा ही एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब विधायक मधु गहलोत 14 दिसंबर को आयोजित भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन में 551 कन्याओं के धर्म पिता बने और विधिवत कन्यादान कर एक स्वर्णिम सामाजिक अध्याय रच दिया। यह आयोजन न केवल गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बना, बल्कि समाज में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और समानता का मजबूत संदेश भी देकर गया।इस विशाल सामूहिक विवाह सम्मेलन में सभी सनातनी वर्गों और समुदायों की कन्याओं का एक साथ विवाह कराया गया। विधायक मधु गहलोत ने अपनी बेटियों की तरह सभी 551 कन्याओं को विदा किया और उन्हें गृहस्थी का आवश्यक सामान एवं उपहार भेंट किए। आयोजन में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुए और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।विधायक मधु गहलोत इससे पहले भी जनसेवा की ऐसी मिसाल कायम कर चुके हैं। पिछले वर्ष उनके संरक्षण में 151 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया था, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हुई थी। इस वर्ष 551 कन्याओं का विवाह कराना सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।इस आयोजन को और भी विशेष बना विधायक द्वारा निभाया गया एक वादा। सामूहिक विवाह समारोह के दौरान की गई घोषणा के अनुसार विधायक मधु गहलोत ने एक दिव्यांग सहित चार बेटियों को हेलीकॉप्टर की सैर कराई। जब बेटियां हेलीकॉप्टर से आसमान की उड़ान पर निकलीं तो पूरे पंडाल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। यह दृश्य न केवल उन बेटियों बल्कि उपस्थित हजारों लोगों के लिए भावुक और अविस्मरणीय बन गया।कार्यक्रम में व्यवस्थाएं बेहद उत्कृष्ट रहीं। भोजन, आवास, सुरक्षा और विवाह की सभी तैयारियां प्रशासनिक और सामाजिक सहयोग से सुचारू रूप से संपन्न की गईं। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, समाजसेवी, पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया। वहीं बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए विधायक मधु गहलोत के पुत्र मोहित गहलोत सहित सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। विधायक मधु गहलोत ने भी सभी जोड़ों को सुखद और मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।इस भव्य आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष नीलेश जैन पटेल, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह, बहादुर सिंह मुकाती, पूर्व जिलाध्यक्ष चिंतामण राठौर, श्याम सिंह परिहार, जिला महामंत्री सुरजसिंह परिहार, मयंक राजपूत, रामेश्वर तेजरा, भेरूसिंह चौहान, निलेश पटेल, संगीता देसाई, चंद्रेश शर्मा, डॉ. राहुल जैन, मंडल अध्यक्ष भरत प्रजापत, प्रहलाद सिंह चौहान, राजेश आर्य, सुरेंद्र सिंह परिहार, मेहरबान सिंह, मनीष सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।