दूषित पेयजल से 15 मौतों का मामला: जिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग
खरगोन। इंदौर में दूषित पेयजल के कारण 15 लोगों की मौत और सैकड़ों लोगों के बीमार होने के मामले ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। इसी को लेकर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने खरगोन में श्रीकृष्ण टॉकीज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि भागीरथपुरा में हुआ घटनाक्रम कोई हादसा नहीं, बल्कि भाजपा सरकार के कुशासन, प्रशासन की लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था का परिणाम है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि समय रहते पेयजल व्यवस्था की निगरानी नहीं की गई, जिससे यह गंभीर स्थिति बनी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से पुतला दहन भी किया और प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ एक घंटे का नहीं, बल्कि जरूरत पड़ी तो आगे और तेज किया जाएगा। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि नाईक और भीकनगांव विधायक झुमा सोलंकी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दूषित पानी से लोगों की जान जाना बेहद गंभीर मामला है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

राशिफल 10 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
मंदिर में प्रवेश रोकना धर्म विरोधी, सुप्रीम कोर्ट ने जताई चिंता
60% आयात निर्भरता के बावजूद घरेलू LPG आपूर्ति 100% सुरक्षित, सरकार का दावा
MP हाई कोर्ट का बड़ा निर्णय, दूसरी शादी पर दी अहम टिप्पणी