उज्जैन।
शहर का बहुचर्चित और लोकप्रिय राहगीरी उत्सव रविवार 11 जनवरी को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में शामिल होकर उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।राहगीरी उत्सव के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने बैठक के दौरान कहा कि राहगीरी उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता, स्वास्थ्य, संस्कृति और नवाचार को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन में अधिक से अधिक आमजन, युवा, महिलाएं और बच्चे सहभागी बनें, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं।बैठक में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों, स्वास्थ्य जागरूकता स्टॉल, स्वच्छता अभियान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नवाचार को बढ़ावा देने और स्थानीय कलाकारों व सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, मेडिकल सुविधाएं और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।राहगीरी उत्सव को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। हर वर्ग के लोगों के लिए यह आयोजन मनोरंजन, स्वास्थ्य और सामाजिक एकजुटता का मंच बनता जा रहा है।