मथुरा।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष श्री बनवारी लाल कछल द्वारा मथुरा जनपद की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में किए गए इस गठन में चौधरी सोनवीर सिंह उर्फ गुलवीर चौधरी को जिला अध्यक्ष तथा अंशुल अग्रवाल को जिला महामंत्री मनोनीत किया गया है। वहीं संगठन को लंबे समय तक नेतृत्व देने वाले पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप दाल वालों को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।मथुरा महानगर अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी ने नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी का परिचय कराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल विगत 77 वर्षों से प्रदेश के व्यापारी समाज के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ता आ रहा है। संगठन ने हर दौर में व्यापारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया है और आगे भी व्यापारी हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।नवनियुक्त जिला अध्यक्ष चौ. सोनवीर सिंह उर्फ गुलवीर चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष श्री बनवारी लाल कछल द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता मथुरा जिले के समस्त व्यापारियों को एकजुट करना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा ताकि हर व्यापारी की आवाज शासन तक पहुंच सके।जिला महामंत्री अंशुल अग्रवाल ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में व्यापार मंडल ने मथुरा महानगर के व्यापारियों की हर समस्या और पीड़ा में सक्रिय भूमिका निभाई है, जिससे संगठन की एक अलग पहचान बनी है। नए दायित्व के साथ अब जिले के समस्त व्यापारी बंधुओं को संगठन से जोड़कर इसे और अधिक सशक्त किया जाएगा तथा प्रदेश नेतृत्व के हाथ मजबूत किए जाएंगे।महानगर टीम की ओर से नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए महानगर महामंत्री राजेश गोयल ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और व्यापारी भाइयों से संगठन को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिला एवं महानगर कमेटी द्वारा संयुक्त रूप से बाजारों और कस्बों का भ्रमण कर आगामी तीन माह के भीतर व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर संगठन का विस्तार करने का निर्णय भी लिया गया।