मथुरा। जनपद मथुरा के गोवर्धन रोड क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति आमजन और श्रद्धालुओं के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। राधा सिटी कॉलोनी के सामने गोवर्धन रोड पर लगातार जलभराव और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार बीते कई दिनों से हालात ऐसे हैं कि किसी बड़े हादसे से बस संयोगवश ही बचाव हो पा रहा है।बताया जा रहा है कि राधा सिटी कॉलोनी की नालियों का गंदा पानी सीधे गोवर्धन रोड पर छोड़ा जा रहा है। इससे सड़क पर स्थायी रूप से पानी भरा रहता है, जिसके चलते सड़क की सतह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, कार चालकों और भारी वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।यह मार्ग सपोहा से गोवर्धन की ओर जाने वाला अत्यंत व्यस्त मार्ग है। गोवर्धन परिक्रमा कर लौटने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ भारी वाहनों की आवाजाही भी दिन-रात बनी रहती है। विशेषकर हाल के दिनों में घने कोहरे के दौरान स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। अचानक सामने पानी भरी टूटी सड़क आ जाने से वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।चिंता की बात यह है कि राधा सिटी कॉलोनी मथुरा विकास प्राधिकरण (एमडीए) द्वारा स्वीकृत कॉलोनी है। इसके बावजूद कॉलोनी में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होना एमडीए और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। नालियों का पानी सीधे फोर लेन गोवर्धन रोड पर छोड़ा जाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों की जान को जोखिम में डालने जैसा है।स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और सड़क की मरम्मत कर गड्ढे नहीं भरे गए, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और मथुरा विकास प्राधिकरण से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से नालियों की दिशा सही कर जलभराव की समस्या का समाधान किया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जाए।