शहडोल।
इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और पत्रकारों के साथ अमर्यादित भाषा के प्रयोग के विरोध में शुक्रवार को शहडोल में युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी के नेतृत्व में तथा जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के मार्गदर्शन में गांधी चौक पर किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारे लगाए और पानी की बौछारों के बीच मंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी ने कहा कि हाल ही में इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में नगर निगम की गंभीर लापरवाही के चलते रहवासियों को ड्रेनेज का दूषित पानी सप्लाई किया गया। जहरीला पानी पीने से महिलाएं, पुरुष और छोटे-छोटे बच्चे बीमार हो गए, वहीं अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में क्षेत्र के पार्षद, महापौर और प्रदेश के स्थानीय शासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सभी भाजपा के जनप्रतिनिधि हैं। जब इस गंभीर घटना को लेकर मीडिया ने मंत्री से सवाल पूछे, तो उन्होंने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय पत्रकारों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और दुर्व्यवहार किया। यह अत्यंत निंदनीय और असंवेदनशील रवैया है, जिसे युवा कांग्रेस किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगी।जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि भागीरथपुरा हादसे में कई लोगों की जान जाने के बावजूद मंत्री द्वारा पत्रकारों से अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया जाना लोकतंत्र और प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मंत्री को तत्काल पद से हटाया जाए, घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से तुरंत इस्तीफा लिया जाए।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।