सागर/मध्यप्रदेश। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में अब डिजिटल मॉनिटरिंग की नई क्रांति शुरू हो गई है। शुक्रवार को खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ग्वालियर से तीन अत्याधुनिक मोबाइल ऐप — निरीक्षण ऐप, नमी मापक ऐप और फ्यूमिगेशन ऐप — का शुभारंभ किया।इन ऐप्स के जरिए प्रदेश में खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था अब पहले से अधिक आधुनिक, पारदर्शी और फुल-प्रूफ होने जा रही है। इससे न केवल अनाज की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, बल्कि भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों पर भी स्वतः अंकुश लगेगा।मंत्री राजपूत ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि खाद्यान्न की गुणवत्ता और विभाग में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा— “निरीक्षण से लेकर नमी मापन और फ्यूमिगेशन तक की हर प्रक्रिया अब डिजिटल रूप में ट्रैक होगी। इससे न केवल स्टॉक मैनेजमेंट मजबूत होगा, बल्कि उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता का अनाज उपलब्ध कराना सुनिश्चित होगा।”