दमोह। कोतवाली पुलिस ने जिले में असामाजिक गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को अवैध हथगोलों के साथ गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी टीआई मनीष कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस की अलग–अलग टीमों को बुधवार देर शाम एक महत्वपूर्ण सफलता मिली, जब मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने सीताबावली बायपास रोड पर घेराबंदी करते हुए तीन संदिग्धों को पकड़ा।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो नग अवैध हथगोला (विस्फोटक पदार्थ) बरामद किए गए हैं। यह गंभीर किस्म का विस्फोटक है, जिसकी बरामदगी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है। बरामद हथगोलों की अनुमानित कीमत करीब ₹2000 बताई जा रही है।इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना दमोह में अपराध क्रमांक 958/2025 दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया।