मथुरा। एसओजी मथुरा और थाना बलदेव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी अंतर्जनपदीय शातिर लुटेरा और सुपारी किलर पवन उर्फ यशवीर उर्फ बंदर पुत्र पूरन सिंह को मुठभेड़ के दौरान घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, दिनांक 30 जुलाई 2025 को अभियुक्त पवन ने विनोद कुमार के साथ मिलकर उसके पिता रघुवीर सिंह की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। यह घटना उस समय हुई जब रघुवीर सिंह अपने पुत्र उदयवीर की बीमारी का हाल जानने मोटरसाइकिल से जा रहे थे।

मामले में मुख्य आरोपी विनोद कुमार व उसकी बेटी प्रीति पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, लेकिन पवन उर्फ यशवीर उर्फ बंदर घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर एसएसपी मथुरा द्वारा 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

आज संयुक्त टीम ने दबिश के दौरान पवन को रोका तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हुआ और मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक बॉलरों पिकअप (बिना नंबर प्लेट) और भारी मात्रा में अवैध असलाह व कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है।सीओ महावन के अनुसार, “यह गिरफ्तारी क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गैंग पर बड़ी कार्रवाई है। पुलिस आगे की पूछताछ और नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।