खरगोन। जिले के ग्राम घट्टी पुलिया पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल खरगोन लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायले को इंदौर रैफर किया गया।

हादसे में मृतक की पहचान जोहीद उर्फ शाहरुख (28 वर्ष), पुत्र अय्यूब, निवासी आज़ाद नगर के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल आरिफ (26 वर्ष), पुत्र अमीन, निवासी अनकवाड़ी को आईसीयू में भर्ती किया गया और बाद में नाजुक स्थिति के कारण इंदौर रेफर कर दिया गया। तीसरा युवक आदिल, पुत्र रमज़ान घायल हुआ, जिसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात लगभग 9 बजे हुआ, जब युवक बिस्टान से खरगोन की ओर आ रहे थे। इसी दौरान घट्टी पुलिया पर अज्ञात वाहन से टक्कर होने की खबर है। दुर्घटना के बाद मौके पर लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।