शाहपुरा। वार्ड नम्बर 13, इंद्रा कॉलोनी के वार्डवासी पिछले 2-3 साल से नहर की टूटी दीवार की वजह से परेशान हैं। नहर की दीवार टूटने के कारण पानी मोहल्ले के घरों में प्रवेश कर सकता है और यह स्थिति गंभीर खतरे का संकेत देती है।वार्डवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन को इस बारे में अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई, तो वे नगर पालिका में धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। नहर से साँप भी बाहर आने लगे हैं, जिससे छोटे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। पहले भी इसी वार्ड में एक बच्चा नहर में गिरकर मर चुका है। वार्डवासी चेतावनी दे रहे हैं कि अब किसी भी अनहोनी की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

पार्षद राजेश सोलंकी ने मौके पर प्रशासन को बुलाकर नहर की टूटी दीवार की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दीवार टूटने के कारण पानी बाहर आ रहा है और अगर मरम्मत जल्द नहीं हुई तो रात भर मोहल्ले में पानी भर सकता है। पार्षद ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर नहर की मरम्मत करवाने की मांग की है।