देवरी (सागर)। संयुक्त ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय आवाहन पर गुरुवार को सागर जिले के देवरी तहसील में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने अपनी 21 सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल रैली निकाली। देवरी और केसली क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल हुईं।रैली के बाद प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने, पेंशन सुविधा लागू करने, अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने और वेतनमान बढ़ाने की मांग की गई। इसके अलावा पोषण एप बंद करने, आईसीडीएस के निजीकरण पर रोक लगाने, सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने और वार्षिक 40 दिन का अवकाश देने सहित कुल 21 मांगें रखी गईं।कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि शासन द्वारा 10 हजार रुपये रेट दर्शाकर लोकल मोबाइल फोन उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी गुणवत्ता खराब होने से कार्य में कठिनाई आ रही है। उन्होंने मांग की कि खराब मोबाइल फोन बदलकर अच्छे और नए फोन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कार्य सुचारू रूप से किया जा सके।आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।