नरसिंहपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नरसिंहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 203 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूका की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 10 मार्च की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जबलपुर की ओर से एक वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है।सूचना मिलते ही एसडीओपी गोटेगांव मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन कर जबलपुर से आने वाले मार्गों पर नाकेबंदी की गई। इसी दौरान गोटेगांव बायपास रोड पर जबलपुर की ओर से आ रहे एक मिनी ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगा।पुलिस टीम ने वाहन का पीछा करते हुए घेराबंदी की और धूमा तिराहे के पास ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन में बड़ी संख्या में कार्टन रखे मिले, जिनमें 203 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर चालक को हिरासत में लेकर वाहन सहित शराब को जब्त कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी मोनू ठाकुर निवासी परियट, जबलपुर के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गोटेगांव निरीक्षक प्रदीप सराफ, उपनिरीक्षक अनिल अजमेरिया, विजय द्विवेदी, श्रीराम रघुवंशी, सउनि जे.पी. धुर्वे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।