भाभा यूनिवर्सिटी के हॉस्टल्स द्वारा रंग उत्सव 2026 का आयोजन विश्वविद्यालय के आर. एन. कपूर मेमोरियल सभागार गृह में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए और आयोजन को यादगार बना दिया।रंग उत्सव के दौरान सभागार रंगों, संगीत और उल्लास से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला, जहां छात्रों ने पारंपरिक होली गीतों और संगीत के साथ उत्सव का आनंद लिया।इस अवसर पर फार्मेसी विभाग द्वारा तैयार किया गया हर्बल गुलाल सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। विश्वविद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रासायनिक रंगों से दूर रहकर हर्बल गुलाल और प्राकृतिक फूलों के साथ होली खेली। इससे विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव भी देखने को मिला।रंग उत्सव 2026 ने न केवल विद्यार्थियों के बीच उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और स्वस्थ तरीके से त्योहार मनाने की प्रेरणा भी दी। आयोजन के अंत में सभी ने मिलकर ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।