गार्ड और कैमरों के पहरे में घुसे नकाबपोश, ठेकेदार के घर से 20 लाख नकद और जेवर चोरी
उज्जैन। शहर की पॉश कॉलोनियों में शामिल इंदौर रोड स्थित अमरनाथ एवेन्यू में सुरक्षा के तमाम दावों की पोल उस समय खुल गई, जब नकाबपोश चोरों ने गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के बावजूद एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को हुई। चार नकाबपोश बदमाश कॉलोनी के पीछे खेत की ओर से आए और बाउंड्रीवॉल फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने ठेकेदार आनंद गोयल के मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर घुसकर अलमारियों में रखी करीब 20 लाख रुपये नकद और बहुमूल्य आभूषण चोरी कर लिए।चोरों की शातिराना हरकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जाते-जाते वे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि पहचान न हो सके। हालांकि, कॉलोनी के पड़ोसी मकानों में लगे कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गई हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।बताया गया कि आनंद गोयल ने यह मकान करीब छह महीने पहले ही खरीदा था, जिसमें उनके माता-पिता पुरुषोत्तम गोयल और उनकी पत्नी निवास करते हैं। दो दिन पहले ही वे मकान में ताला लगाकर बसंत विहार में अपनी बेटी के यहां गए हुए थे। सूने मकान को देखकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरी के तरीके से साफ संकेत मिल रहे हैं कि बदमाशों को घर की पूरी रेकी और अंदरूनी जानकारी थी।हैरानी की बात यह भी है कि इस वारदात के संकेत 15 दिन पहले ही मिल चुके थे। कॉलोनी के पीछे स्थित एक तबेले से लोहे की सीढ़ी चोरी हो गई थी, जो बाद में मंदिर के पीछे झाड़ियों में मिली थी। उस समय रहवासियों ने आशंका जताई थी कि बदमाश बाउंड्रीवॉल फांदने के लिए रेकी कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम नहीं किए गए।घटना की सूचना मिलते ही नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस परिवार से चोरी गई संपत्ति का विस्तृत ब्योरा ले रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक यह शहर की बड़ी चोरियों में से एक मानी जा रही है।पुलिस की अलग-अलग टीमें अब आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई हैं और जल्द ही बदमाशों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

बरेली में भीषण गर्मी का कहर: मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल ने बढ़ाई टेंशन: उज्जैन में ₹115 पार, कमलनाथ का सरकार पर हमला
साध्वियों की मौत से गुस्से में जैन समाज: रीवा घटना के विरोध में देशव्यापी प्रदर्शन आज
तप रहा मध्य प्रदेश: नौतपा शुरू होते ही खजुराहो-नौगांव सबसे गर्म, 44 जिलों में चेतावनी
कश्मीर में NIA की ताबड़तोड़ रेड: जमात-ए-इस्लामी से जुड़े संदिग्धों के घरों की तलाशी
पिता आनंद कुमार संग BSP मीटिंग में पहुंचे आकाश, लेकिन यूपी नेतृत्व से बनाए गए दूर