मऊगंज। विधायक कप 2026 का तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। रोमांच, चौकों-छक्कों की बरसात और आखिरी ओवर तक चले संघर्ष के बीच राजमहल XI मऊगंज ने राधा वल्लभ 11 को 13 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। करीब 400 रनों के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देखने को मिला।टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजमहल XI ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज बृजबिहारी मिश्रा ने मात्र 19 गेंदों में 51 रन ठोककर टीम को तेज़ शुरुआत दिलाई। इसके बाद मैदान पर उतरे दिलीप (रसेल) ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से स्टेडियम में रोमांच भर दिया। दिलीप ने सिर्फ 18 गेंदों में 54 रन बनाकर स्कोर को 206 रनों तक पहुंचा दिया। मैच के दौरान अजय ने अपने 100 चौके पूरे कर एक खास उपलब्धि भी हासिल की।207 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राधा वल्लभ 11 की शुरुआत लड़खड़ाई, लेकिन सागर (सतना) ने अकेले दम पर मुकाबले में जान फूंक दी। सागर ने महज 18 गेंदों में 50 रन जड़ते हुए अपने करियर के 200 छक्के भी पूरे किए। उनकी इस शानदार पारी से प्रभावित होकर कमेटी सदस्य एवं पूर्व सरपंच उमाकांत साहू (गुड्डू) ने उन्हें ₹500 का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।अंतिम ओवरों में सीतेश मिश्रा ने 30 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत की ओर ले जाने की कोशिश की, लेकिन राजमहल XI के गेंदबाजों ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया। गोलू चौबे और प्रिंस सेमरिया ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके और राधा वल्लभ 11 की टीम 193 रनों पर सिमट गई।मैच के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सरपंच उमाकांत साहू (गुड्डू), भाजपा नेता एवं राजमहल के ओनर राजेश सिंह (राजू मांडा) उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और शानदार प्रदर्शन पर इनामों की बौछार की।