भीलवाड़ा। शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी छापेमार कार्रवाई की है। नगर निगम की टीम ने पटेल नगर स्थित एक प्लास्टिक गोदाम पर छापा मारते हुए करीब एक हजार किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई से प्लास्टिक कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।नगर निगम अधिकारियों को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि पटेल नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडारण और सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर नगर निगम अधिकारी संजय खोकर के नेतृत्व में टीम गठित की गई और गोदाम पर अचानक छापा मारा गया। जांच के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री पाई गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई प्लास्टिक सामग्री का वजन लगभग 1000 किलो है, जो पर्यावरण के लिए बेहद घातक है और जिस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा हुआ है। कार्रवाई के दौरान संबंधित गोदाम संचालक से पूछताछ की गई और नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद शहरवासियों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना की है।