निवाड़ी जिले के ओरछा में विपणन सहकारी समिति के खाद वितरण केंद्र पर आज अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब खाद को लेकर नाराज़ किसानों की भीड़ ने पथराव कर दिया। पथराव की घटना में केंद्र के कांच टूट गए, जबकि एक कर्मचारी को मामूली चोटें आई हैं।घटना के बाद तुरंत ही खाद वितरण को पूरी तरह रोक दिया गया है। केंद्र के कर्मचारियों का कहना है कि जब तक प्रशासन पर्याप्त सुरक्षाउपलब्ध नहीं कराता, खाद वितरण दोबारा शुरू नहीं किया जाएगा।किसानों की बढ़ती भीड़ और लगातार बढ़ रही मांग के चलते केंद्र पर हालात सुबह से ही तनावपूर्ण थे। बताया जा रहा है कि पर्ची और खाद की मात्रा को लेकर कुछ किसानों में असंतोष था, जो देखते ही देखते उग्र रूप ले बैठा।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में लेने का प्रयास किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही किसानों तथा कर्मचारियों के बीच बैठक कर समाधान निकालने की संभावना जताई है।