वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन मिलने लगा है। पांच वर्ष पूर्व शुरू हुआ यह आंदोलन तेजी से देश-विदेश में विस्तार कर रहा है। इसी क्रम में ब्राह्मण ऑस्ट्रेलिया महासभा के अध्यक्ष चंदर शर्मा ने हिंदू पक्षकार एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट को 20 जून को मेलबोर्न में आयोजित अप्रवासी हिंदू सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया से आए प्रतिनिधिमंडल ने वृंदावन पहुंचकर श्रीकृष्ण इंटरनेशनल होटल स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात की और हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज सौंपे, जिन्हें राष्ट्रपति को भेजा जाएगा।महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वे सम्मेलन में मूल गर्भगृह स्थल पर मंदिर निर्माण की मांग को उठाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि स्पेन, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी, न्यूजीलैंड और कनाडा सहित कई देशों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि स्थल का अवलोकन कर संतों से चर्चा की और आंदोलन को गति देने की रणनीति बनाई। साथ ही उन्होंने बताया कि जल्द ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए एक बड़ी यात्रा निकाली जाएगी, जिसकी रूपरेखा तैयार हो चुकी है।