झालावाड़ जिले के मनोहरथाना थाना पुलिस ने अवैध सागवान लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 नग लकड़ी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कालीखाड़ नदी के किनारे कच्चे रास्ते के पास एक व्यक्ति सागवान की लकड़ियों के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान रोडुलाल पुत्र अमरलाल (उम्र 66 वर्ष), निवासी गणेश कॉलोनी, किशनपुरिया, मनोहरथाना के रूप में हुई। आरोपी के पास से 36 नग अवैध सागवान लकड़ी बरामद की गई, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी कमल कुमार (आरपीएस), उप निरीक्षक धनराज गोचर, बीट कांस्टेबल रवि, कांस्टेबल कार्तिक और कांस्टेबल हेमंत की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।