देश में है ईंधन का पर्याप्त भंडार आमजन को घबराने की जरूरत नहीं
जोधपुर। इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते देश के कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। इन अफवाहों के कारण पंपों पर अचानक भारी भीड़ लगने लगी है, लेकिन भारत सरकार और तेल कंपनियों ने साफ कहा है कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और आमजन को घबराने की जरूरत नहीं।
सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच सरकार की ओर से साफ किया गया है कि भारत ऊर्जा सुरक्षा के मामले में पूरी तरह से मजबूत और तैयार है। प्रसार भारती द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान में देश के पास 25 करोड़ बैरल से ज्यादा कच्चे तेल और ईंधन का स्टॉक है। इसके अलावा, रिजर्व टैंकों, पाइपलाइनों और जहाजों में 7 से 8 सप्ताह का सप्लाई बफर हर वक्त मौजूद रहता है।
आमजन में पेट्रोल खत्म होने की अफवाह के पीछे एक कारण तेल कंपनियों और डीलर्स के बीच हुए इंटरनल मैसेज के लीक होने से फैलना भी माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की सप्लाई चेन प्रभावित होने की आशंका के चलते कुछ तेल कंपनियों ने डीलर्स को दी जाने वाली क्रेडिट सुविधा में अस्थाई बदलाव किए हैं। एचपीसीएल ने अपने डीलर्स की क्रेडिट और डीओडी सुविधा अस्थाई तौर पर बंद कर दी है और उनसे बकाया चुकाने को कहा है। कंपनियों ने डीलर्स को एडवांस पेमेंट देकर पर्याप्त स्टॉक रखने की सलाह दी है।
हालांकि, आईओसीएल द्वारा क्रेडिट सुविधा अभी भी चालू है। यह कंपनियों और डीलर्स के बीच की व्यवस्था है, जिसका देश में पेट्रोल-डीजल की कुल उपलब्धता या आम जनता की सप्लाई से कोई लेना-देना नहीं है। सरकारी फैक्ट चेक में जमीनी हकीकत बयान करते हुए बताया गया है कि भारत की तेल रिफाइनिंग क्षमता 258 एमएमटीपीए है, जो हमारी घरेलू खपत से कहीं ज्यादा है। इसका सीधा अर्थ यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव के बावजूद भारत अपनी जरूरत से ज्यादा तेल साफ करने में सक्षम है। सरकार ने याद दिलाया है कि पिछले 12 सालों में देश का एक भी पेट्रोल पंप सूखा नहीं पड़ा है और ईंधन की कीमतें भी पिछले 4 सालों से स्थिर हैं।
अफवाहों को देखते हुए बीपीसीएल, आईओसीएल और एचपीसीएल ने भी अपने-अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से आमजन के लिए महत्त्वपूर्ण सूचना जारी की है। इन कंपनियों ने कहा है कि पेट्रोल और डीजल की कमी की बातें पूरी तरह निराधार हैं और ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से चल रही है। कंपनियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही है और बिना किसी रुकावट के उपभोक्ताओं तक पेट्रोल-डीजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पेट्रोल पंपों पर बेवजह की भीड़ से बचने की अपील की गई है। सटीक जानकारी के लिए केवल सरकारी और आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

मद्महेश्वर-तुंगनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख कल होगी घोषित, डीएम की मौजूदगी में होंगे धार्मिक अनुष्ठान
TMC सांसद का केंद्र पर हमला, संसद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल
केदारनाथ यात्रा 2026 का काउंटडाउन शुरू, धाम पहुंचकर DM-SP ने तैयारियों का लिया जायजा
राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला, असम सीएम पर लगाए गंभीर आरोप
12,500 में खरीदे 30 हजार के नकली नोट, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा