बैतूल-इटारसी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की दर्दनाक मौत
बैतूल जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बैतूल-इटारसी मार्ग पर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी क्रेन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।बताया जा रहा है कि कार में कुल पांच युवक सवार थे, जो सभी बैतूल के निवासी हैं। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल को उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है, जबकि दूसरे का इलाज जिला अस्पताल बैतूल में जारी है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी युवक देर रात एक पार्टी से लौट रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि वाहन तेज गति से चलाया जा रहा था, इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।एसडीओपी बैतूल सुनील लाटा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

नए स्मार्टफोन नथिंग फोन (4ए) की है आकर्षक डिजाइन