खरगोन जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खलटाका पुलिस चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ग्राम निमरानी स्थित माया फैक्ट्री के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ठिकरी से खलघाट की ओर जा रहे बाइक सवार रवि पिता ओम वर्मा, जाति कहार, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरी थाना ठिकरी जिला बड़वानी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे बाइक सहित युवक का शव पड़ा देखा और डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद खलटाका पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद शव को सेधवा टोल एंबुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए कसरावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।