स्थानीय जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने SDM बंगले का किया घेराव
रीवा जिले के त्योंथर स्थित सिविल अस्पताल में पेंटिंग कार्य के दौरान एक श्रमिक की मौत से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में स्थित इस अस्पताल की अव्यवस्थाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई हैं। मृतक श्रमिक की पहचान छोटेलाल मांझी (34 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-10 त्योंथर के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल के तीन मंजिला भवन में पेंटिंग-पुताई का कार्य चल रहा था। ठेकेदार द्वारा बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के श्रमिकों से काम कराया जा रहा था। न तो श्रमिकों को हेलमेट दिया गया था और न ही सेफ्टी बेल्ट या अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। इसी लापरवाही के चलते देर शाम काम के दौरान छोटेलाल मांझी संतुलन बिगड़ने से ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर SDM बंगले पहुंचे और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।बताया जा रहा है कि ठेकेदार की ओर से पीड़ित परिवार को सहयोग स्वरूप सात लाख रुपये का चेक दिया गया है। हालांकि इस कदम को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्या महज आर्थिक सहायता से एक श्रमिक की जान की भरपाई हो सकती है और क्या चेक देने के बाद इस गंभीर लापरवाही को नजरअंदाज कर दिया जाएगा।फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और अन्य संबंधित लोगों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाती है या मामला सिर्फ मुआवजे तक सीमित रह जाता है।

कांस्टेबल रेवती की बहादुरी से 9 पुलिसकर्मियों को मौत की सजा, हिरासत में हुई थी बाप-बेटे की हत्या
केरल विधानसभा चुनाव: तैयारियां पूरी, कल होंगे मतदान
भारतीय रेलवे अपडेट: नागपुर मंडल में काम, भोपाल रूट की 3 जोड़ी ट्रेनें प्रभावित
AAP का बड़ा फैसला: उमरेठ विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ेगी पार्टी