रीवा/भोपाल। रीवा से भोपाल जा रही रेवांचल एक्सप्रेस में उस समय अनोखा और भक्तिमय दृश्य देखने को मिला, जब ट्रेन में मौजूद एक टीटीई के आग्रह पर भोपाल की युवा कलाकार स्वाति मिश्रा ने राम भजन प्रस्तुत किया।बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान टीटीई ने स्वाति मिश्रा से भजन गाने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। इसके बाद कोच में बैठे यात्रियों के बीच उन्होंने मधुर स्वर में राम धुन गाई। भजन शुरू होते ही पूरा डिब्बा भक्तिमय माहौल में डूब गया और कई यात्री भाव-विभोर होकर सुनते नजर आए।इस दौरान किसी यात्री ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्वाति मिश्रा को टीटीई और यात्रियों की मौजूदगी में भक्ति गीत गाते देखा जा सकता है। उनकी सुरीली आवाज और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।स्वाति मिश्रा भोपाल क्षेत्र की एक उभरती हुई कलाकार हैं और समय-समय पर सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुतियां देती रही हैं। इस वायरल वीडियो के बाद उनकी लोकप्रियता में और इजाफा हुआ है।विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं। यूजर्स न केवल स्वाति मिश्रा की प्रतिभा की प्रशंसा कर रहे हैं, बल्कि टीटीई के इस अनोखे आग्रह को भी सकारात्मक पहल के रूप में देख रहे हैं, जिसने सफर को यादगार बना दिया।