खलटाका चौकी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी पर कसा शिकंजा, 170 पेटी शराब जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार
खरगोन जिले की कसरावद तहसील अंतर्गत पुलिस थाना बलकवाड़ा की चौकी खलटाका पुलिस ने अवैध देशी-विदेशी शराब की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाका बंदी के दौरान 170 पेटी अवैध शराब जप्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी शकुंतला रुहल ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा एक बोलेरो पिकअप वाहन ग्राम पानवा की ओर से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर खलटाका चौकी पुलिस टीम ने ग्राम पानवा के आगे नाका बंदी कर वाहन की घेराबंदी की।
पुलिस द्वारा रोके गए बोलेरो पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब पाई गई। जांच के दौरान वाहन चालक आरोपी विकास पिता उपेंद्र सिंह चंद्रवंशी, निवासी बिहार, हाल मुकाम सेंधवा को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से कुल 170 पेटी, लगभग 1980 लीटर अवैध देशी-विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये है, उसे भी जप्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई एसडीओपी श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी सागर चौहान के नेतृत्व में एवं चौकी प्रभारी मिथुन चौहान द्वारा की गई, जिसमें खलटाका चौकी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।एडिशनल एसपी शकुंतला रुहल ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना