सिरोंज में काले हिरण का शिकार, कटा सिर खेत में फेंककर फरार हुए शिकारी
सिरोंज।
सिरोंज क्षेत्र के दीकना खेड़ा और गोपालनगर ग्रामों के बीच काले हिरण के शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात शिकारियों ने संरक्षित वन्य जीव काले हिरण का शिकार कर उसका कटा हुआ सिर सड़क किनारे खेत में फेंक दिया, जबकि हिरण का मांस अपने साथ ले गए।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों की सूचना पर दीपनाखेड़ा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर हिरण का कटा हुआ सिर मिलने से यह साफ है कि शिकार पूरी योजना के तहत किया गया।ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ माह पहले भी इसी क्षेत्र में हिरण का शिकार हुआ था, लेकिन उस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी, जिससे शिकारियों के हौसले बुलंद हैं।वन विभाग के अनुसार काला हिरण वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित प्रजाति है और इसका शिकार गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस और वन विभाग आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रहे हैं और शिकारियों की तलाश में जुटे हुए हैं।ग्रामीण अरविंद शर्मा ने बताया कि लगातार हो रही घटनाओं से गांव के लोग डरे हुए हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं रेंजर बृज मीना ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

चारधाम यात्रा से पहले बड़ी खबर, केदारनाथ हेलीकॉप्टर सेवा बुकिंग 15 अप्रैल से