मथुरा: मथुरा की महावन तहसील में जिलाधिकारी सीपी सिंह की अध्यक्षता में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।समाधान दिवस में कुल 50 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनका तुरंत निस्तारण करने के निर्देश जिलाधिकारी ने मौके पर ही दिए। कार्यक्रम में विद्युत विभाग, जिला पंचायत, पुलिस विभाग, न्याय विभाग सहित कई अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।

जिलाधिकारी सीपी सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और संबंधित विभाग तुरंत कार्रवाई करे।उन्होंने बताया कि वर्तमान समय प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण है क्योंकि होली का पर्व नजदीक है, विशेषकर बलदेव क्षेत्र में प्रसिद्ध बलदेव का हुरंगा भी मनाया जाता है। ऐसे में प्रशासन को अतिरिक्त सतर्क रहने की आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जिससे फरियादियों को तुरंत राहत मिली। जिलाधिकारी ने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी अपनी ड्यूटी पर अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसकी जगह तुरंत दूसरे अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी, ताकि काम प्रभावित न हो।