उज्जैन।
उज्जैन के मक्सी रोड स्थित शंकरपुर क्षेत्र में एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। यहां बंजारा समाज के एक नाबालिग लड़के को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे नंगा कर सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालते हुए पूरे क्षेत्र में घुमाया गया। इस मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।मामले को लेकर जिला युवक कांग्रेस ने पीड़ित परिवार के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।पुलिस के अनुसार पूरा मामला मक्सी रोड के शंकरपुर गांव का है। यहां रहने वाला एक नाबालिग लड़का क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को लेकर चला गया था, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच आपसी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते लड़की पक्ष के लोगों ने नाबालिग को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे नंगा कर सार्वजनिक रूप से इलाके में घुमाया गया और उसके चेहरे पर कालिख भी पोत दी गई।इस घटना की शिकायत पीड़ित परिवार द्वारा पंवासा थाना में दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अर्पित यादव पीड़ित परिवार को साथ लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और एएसपी आलोक शर्मा से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।एएसपी आलोक शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।