बरसाना में गिरिधरलाल जी का भव्य ब्याहुला उत्सव, देश-विदेश से उमड़े श्रद्धालु
मथुरा।
जनपद मथुरा के बरसाना में भगवान श्री गिरिधरलाल जी का भव्य ब्याहुला उत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय के सान्निध्य में भगवान की बारात निकालकर विवाह उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। यह धार्मिक आयोजन 11 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक चलेगा, जिससे पूरे ब्रज क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना हुआ है।उत्सव के दौरान भगवान गिरिधरलाल जी की भव्य बारात विनोद बाबा आश्रम से प्रारंभ होकर पीली कोठी, बस स्टैंड होते हुए माता जी गौशाला पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, शंखनाद और जयघोष के साथ बारात का भव्य स्वागत किया गया। संत-महात्माओं द्वारा तिलक कर सत्कार किया गया, वहीं श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर दर्शन किए। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई गईं।इस अवसर पर वृंदावन, बरसाना, मथुरा सहित अनेक धार्मिक स्थलों से श्रद्धालु पहुंचे। गोकुल रमनरेती आश्रम के पीठाधीश्वर गुरु शरणानंद महाराज, मलूकपीठ के राजेंद्र दास महाराज सहित कई संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। भजन-कीर्तन, मंगल ध्वनि और शंखनाद से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया।ब्याहुला उत्सव के दौरान बैंड-बाजे, आकर्षक साज-सज्जा और भव्य जलपान की व्यवस्था की गई। भगवान गिरिधरलाल जी को दूल्हा स्वरूप में सुसज्जित कर राधारानी के घर ले जाया गया, जहां ब्राह्मणों और संतों ने परंपरागत रस्में निभाईं। आयोजन की लाइव स्ट्रीमिंग भी की गई, जिससे लाखों श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

CM मीटिंग से पहले टला बड़ा हादसा: पटना आते समय BJP विधायक की कार पलटी, एयरबैग ने बचाई जान