मथुरा।
महान क्रांतिकारी वीर बिरसा मुंडा और वीर पेशवा बाजीराव की शौर्य गाथाओं एवं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित “शौर्य के कदम, क्रांति की ओर” साइक्लाथान अभियान का मथुरा में भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। यह साइकिल यात्रा एनसीसी बिहार एवं झारखंड निदेशालय के तत्वावधान में निकाली गई है, जिसमें एनसीसी कैडेट्स के साथ-साथ सेना के जवान और अधिकारी शामिल हैं।करीब 1300 किलोमीटर की लंबी यात्रा तय करते हुए यह दल आगरा से मथुरा पहुंचा। बुधवार को साइकिल रैली का पहला स्वागत हिन्दुस्तान इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में किया गया। कॉलेज के निदेशक डॉ. आर.एस. पवित्र, 10 यूपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कुलदीप सिंह, कुल सचिव राजेश कुमार शर्मा, एनसीसी अधिकारी कैप्टन राजेश कहरवार सहित बटालियन के जेसीओ और एनसीओ ने माल्यार्पण कर साइक्लाथान टीम का अभिनंदन किया।इस अवसर पर अतिथियों ने वीर बिरसा मुंडा और पेशवा बाजीराव के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करते हैं। कॉलेज परिसर में एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासनबद्ध मार्च किया और देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रमय बना दिया।इसके पश्चात साइकिल रैली मथुरा के समीप स्थित रैनचोक होटल पहुंची, जहां स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और भारत माता के जयघोष के बीच टीम को मुख्य कार्यक्रम स्थल तक ले जाया गया। पूरे क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता और युवा सशक्तिकरण का संदेश गूंजता रहा।कर्नल कुलदीप सिंह ने बताया कि इस साइक्लाथान अभियान का उद्देश्य केवल ऐतिहासिक वीरों को याद करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को मानव जीवन के मूल्यों, समाज निर्माण, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि एनसीसी ऐसे अभियानों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है।