खरगोन/कसरावद। खेल जीवन का महत्वपूर्ण आधार है और वर्तमान समय में खेलों के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य एवं बेहतर करियर की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं। खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और बौद्धिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। यह विचार विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने उत्कृष्ट विद्यालय मैदान पर आयोजित अखिल भारतीय आमंत्रित महिला हॉकी स्पर्धा के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए।विधायक पाटीदार ने कहा कि यह प्रतियोगिता जिले में महिला हॉकी के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही निमाड़ अंचल की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी सहायक बनेगी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास से ही सफलता प्राप्त होती है।निमाड़ क्षेत्र में महिला हॉकी के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस अखिल भारतीय आमंत्रित महिला हॉकी स्पर्धा का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।स्पर्धा के संयोजक मंजीत सिंह चावला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष स्वर्गीय सरदार मनमोहन सिंह चावला स्मृति अखिल भारतीय आमंत्रित महिला हॉकी स्पर्धा का आठवां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष महिला खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने का कार्य कर रही है।पूर्व विधायक रवि जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल सहित मध्य प्रदेश की विभिन्न महिला हॉकी टीमों को आमंत्रित करने की कार्ययोजना बनाई गई है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक रहेगा।वहीं आयोजन समिति के सदस्य अनिल पाण्डेय ने बताया कि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों के लिए आवास, भोजन, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है, जो पूरी जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाएं संभाल रही हैं।