उज्जैन। एलएलबी की पढ़ाई कर रही एक छात्रा पर गलत दस्तावेज प्रस्तुत कर अधिवक्ता की सनद प्राप्त करने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस संबंध में एक अभिभाषक ने राज्य अधिवक्ता परिषद और पुलिस को लिखित शिकायत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।उज्जैन जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अभिभाषक नरेंद्र गेहलोत ने दस्तावेजों के साथ शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वैष्णवी कंडारे नामक छात्रा शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय की छात्रा है और वर्तमान में एलएलबी के पांचवें सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि छात्रा ने एलएलबी की डिग्री पूर्ण किए बिना तथा आवश्यक तथ्यों को छुपाकर मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद से अधिवक्ता की सनद प्राप्त कर ली।शिकायतकर्ता के अनुसार, सनद प्राप्त करने के बाद संबंधित छात्रा ने स्वयं को अधिवक्ता बताते हुए न्यायालय में प्रैक्टिस भी प्रारंभ कर दी। अभिभाषक नरेंद्र गेहलोत ने इस पूरे मामले की शिकायत राज्य अधिवक्ता परिषद, उज्जैन अभिभाषक संघ और पुलिस को करते हुए संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने मांग की है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।मामले को लेकर उज्जैन अभिभाषक संघ के अध्यक्ष ओम सारवान ने बताया कि संबंधित छात्रा न तो उज्जैन अभिभाषक संघ में पंजीकृत है और न ही संघ द्वारा उसकी सनद के लिए कोई सिफारिश की गई है।