खरगोन।
स्वामी विवेकानंद की जयंती अर्थात राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर खरगोन स्थित उत्कृष्ट स्कूल खेल मैदान परिसर में भव्य सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इस आयोजन में न केवल बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, बल्कि विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कलेक्टर सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार किया।सर्द मौसम और ठंडी हवाओं के बावजूद आयोजन में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। करीब 1500 से अधिक छात्र, आमजन और प्रशासनिक अधिकारी एक साथ सूर्य नमस्कार कर स्वामी विवेकानंद को नमन करते नजर आए। इसके साथ ही जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम आयोजित किए गए।जिला स्तरीय मुख्य आयोजन उत्कृष्ट स्कूल मैदान में हुआ, जहां सुबह 8 बजे से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था। सुबह 9 बजे स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक उद्बोधन का आकाशवाणी के माध्यम से प्रसारण किया गया। इसके बाद राष्ट्रगीत का गायन हुआ तथा मुख्यमंत्री के संबोधन का प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह ने सुना।इसके पश्चात योग शिक्षकों एवं आकाशवाणी से मिल रहे निर्देशों के अनुसार जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार के तीन चक्र लगाए। साथ ही अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया गया। सूर्य नमस्कार के दौरान प्रार्थना मुद्रा, हस्त उत्तानासन, पादहस्तासन, अश्व संचालनासन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन सहित 12 योग मुद्राओं का अनुशासित ढंग से अभ्यास कराया गया।कार्यक्रम के दौरान पूरे आयोजन में अनुशासन और एकाग्रता का विशेष वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।