स्वर्गीय कप्तान लाल प्रताप सिंह स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न हो गए हैं। पहले सेमीफाइनल में राजस्थान पुलिस बीकानेर ने एबीसी कोरबा को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में कड़े संघर्ष के बीच राजस्थान पुलिस बीकानेर की ओर से जर्सी नंबर 06 ने पहला गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में कोरबा की टीम ने वापसी के लिए भरपूर प्रयास किए, लेकिन राजस्थान की मजबूत रणनीति के आगे वे सफल नहीं हो सके। इसी हाफ में राजस्थान के मुख्य स्ट्राइकर जर्सी नंबर 07 ने एक और गोल दागकर बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद जर्सी नंबर 17 ने मैदानी गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। मैच के अंतिम समय में राजस्थान को पेनाल्टी का मौका मिला, लेकिन उसे गोल में नहीं बदला जा सका। इसके बावजूद राजस्थान पुलिस बीकानेर ने 3-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बैंगलोर और तमिलनाडु पुलिस चेन्नई के बीच खेला गया। मैच शुरू होने के पांच मिनट के भीतर ही बैंगलोर की ओर से जर्सी नंबर 17 ने पहला गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ के अंतिम समय में जर्सी नंबर 80 ने एक और गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में बैंगलोर ने एक और गोल दागते हुए मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया और फाइनल में प्रवेश किया।आयोजन समिति ने जानकारी दी कि अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला कल दोपहर 12:30 बजे से राजस्थान पुलिस बीकानेर और बैंगलोर के बीच खेला जाएगा। फाइनल मैच में प्रभारी मंत्री राधा सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगी।