बंद मकान का ताला तोड़कर 60 लाख के आभूषण चोरी, पुलिस जांच में जुटी
मथुरा। शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। गुरुनानक नगर स्थित शिवताल कुंड के पास एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 60 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।पीड़ित मकान मालिक देवेंद्र शर्मा एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं और वर्तमान में गुड़गांव में कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, देवेंद्र शर्मा मंगलवार को छुट्टियां मनाने के बाद गुड़गांव लौट गए थे। बुधवार को उनकी पत्नी ने घर में ताला लगाकर चाबी पड़ोसी को सौंप दी और अपने मायके वृंदावन चली गईं। इसके बाद मकान पूरी तरह बंद था।शुक्रवार सुबह पड़ोसी ने मकान का ताला टूटा देखा तो तुरंत इसकी सूचना देवेंद्र शर्मा की पत्नी को दी। सूचना मिलते ही वह मथुरा पहुंचीं और घर का निरीक्षण किया। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले टूटे हुए थे और उसमें रखे कीमती आभूषण गायब थे। चोर बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।चोरी गए आभूषणों में दो सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, 14 सोने की चूड़ियां, एक सोने का सेट, सात सोने की अंगूठियां, तीन जोड़े झुमकी, कुंडल, नथ, पायल और सोने-चांदी के सिक्के शामिल हैं। हैरानी की बात यह रही कि अलमारी में रखी करीब 60 हजार रुपये नकद सुरक्षित मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों को पहले से केवल जेवरात की जानकारी थी।घटना की जानकारी मिलते ही देवेंद्र शर्मा शुक्रवार शाम मथुरा पहुंचे और थाना कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

धमतरी में ‘STREE’ परियोजना का शुभारंभ: 300 ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया रास्ता
केरल के मुख्य सचिव डॉ. ए. जयतिलक का छत्तीसगढ़ दौरा
प्रदेश सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बनेगा देश का अग्रणी राज्य : मंत्री शुक्ला
किसानों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
कटे होंठ से टूटी हिम्मत तक… एक ऑपरेशन और बदल गई जिंदगी
दशकों के अंधेरे से उजियारे में आया गारपा, नियद नेल्लानार योजना से पहली बार घर-घर पहुँची बिजली