निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर कस्बे में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब देर शाम एक युवती ने बीच सड़क पर बैठकर जमकर हंगामा किया। युवती सड़क पर बैठकर फूट-फूटकर रो रही थी और बार-बार एक ही बात दोहरा रही थी कि “दीपक को बुला दो, वह थाने में है, मुझे उससे मिला दो।”युवती के इस हंगामे के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और युवती से लगातार पूछती रही कि दीपक कौन है और वह कहां की रहने वाली है। लेकिन युवती रोते-बिलखते हुए सिर्फ यही कहती रही कि वह पिछले 9 महीनों से दीपक के साथ रह रही है और उससे बहुत प्यार करती है।जाम की सूचना मिलते ही पृथ्वीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाइश के बाद युवती को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, हंगामा करने वाली युवती का नाम पूजा पाल है, जो निवाड़ी जिले की रहने वाली है और दीपक पाल नामक युवक से प्रेम करती है। बताया जा रहा है कि दीपक भोपाल के एक होटल में काम करता है।दरअसल, दीपक आज भोपाल से अपनी प्रेमिका पूजा के साथ पृथ्वीपुर कस्बे पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दीपक पूजा को मौके पर छोड़कर चला गया। काफी देर तक जब पूजा को दीपक नहीं मिला तो वह भावुक हो गई और बीच सड़क पर बैठकर हंगामा शुरू कर दिया।थाने में कुछ समय बाद पूजा का प्रेमी दीपक भी पहुंच गया, जिसके बाद वह युवती को अपने साथ लेकर चला गया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। पुलिस ने प्रेमी युगल को सख्त हिदायत देते हुए भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने की समझाइश देकर थाने से जाने दिया।