कोसीकला (मथुरा)।
कोसीकला के कोटवन क्षेत्र स्थित ठा० श्री बृजभूषण जी मंदिर में आगामी 21 जनवरी से 31 जनवरी तक भव्य श्रीरामकथा महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर लोक कल्याण के उद्देश्य से ठा० बृजभूषण पार्थ व्यास नेत्र चिकित्सालय का शिलान्यास भी किया जाएगा।महोत्सव में श्रीमद् जगद्गुरु शंकराचार्य अग्रपीठाधीश्वर एवं मलूकपीठाधीश्वर स्वामी श्री राजेन्द्रदास देवाचार्य जी महाराज द्वारा श्रीरामकथा का रसपान कराया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने का प्रस्ताव भी है।कार्यक्रम के अंतर्गत कलश यात्रा, श्रीरामकथा, संत समागम, हरिनाम संकीर्तन, पूर्णाहुति एवं ब्रज मंडल के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 21 जनवरी (बुधवार) को प्रातः 10 बजे कलश यात्रा के साथ होगा, जबकि 31 जनवरी (शनिवार) को पूर्णाहुति संपन्न होगी।श्रीराम महायज्ञ प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा। यज्ञ का संचालन यज्ञाचार्य डॉ. मनीषाचार्य वत्स (श्रीधाम, बरसाना) द्वारा किया जाएगा।शुक्रवार को आयोजित निमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने पूज्य संत मौनी बाबा महाराज के साथ महोत्सव के निमंत्रण पत्र का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, समाजसेवी कमलकिशोर वार्ष्णेय, भानु प्रताप ठाकुर, पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, अन्नू वैद्य, अजय गोयंका, उधम फौजदार, मोहन सिंह फौजदार, भूरा प्रधान सहित दर्जनों गांवों के लोग उपस्थित रहे।कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस महायज्ञ एवं महोत्सव में निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर श्यामशरण देवाचार्य, जगतगुरु श्री कृष्ण चैतन्य, जगतगुरु श्री वल्लभाचार्य महाराज, जगतगुरु पूज्य संतोष दास महाराज, जगतगुरु श्री माधवाचार्य महाराज, परम पूज्य गीता मनीष ज्ञानानंद महाराज, किशोर दास देव महाराज, योग गुरु स्वामी रामदेव, पूज्य विनोद बाबा, पूज्य विजय कौशल महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का दिव्य समागम होगा।पूज्य मौनी बाबा महाराज ने ब्रज मंडल के समस्त धर्मावलंबियों, सनातन प्रेमियों, गौ भक्तों एवं श्रीराम भक्तों से आह्वान किया कि वे महाराज श्री के मुखारविंद से श्रीरामकथा का रसपान कर धर्म लाभ अवश्य प्राप्त करें।31 जनवरी को ब्रज मंडल का विशाल भंडारा मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा।